बिहार: स्टेशन पर मदद मांग रही महिला के साथ दरिंदगी, रेलवे के सरकारी कर्मचारी ने भरोसे का किया 'कत्ल'
Bihar Crime News: सोनपुर रेलवे स्टेशन पर मदद मांग रही एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता दिल्ली से लौट रही थी और सफर के दौरान उसका सामान चोरी हो गया था. मदद के नाम पर एक रेलवे ट्रैकमैन उसे किराए के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दरिंदगी की घटना को अंजाम दिया गया. जानिए पूरी घटना, पुलिस कार्रवाई और ताजा अपडेट.

बिहार के सोनपुर से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां दिल्ली से लौट रही एक महिला, जिसका सफर के दौरान सामान चोरी हो गया था, मदद के लिए गुहार लगा रही थी. लेकिन मदद के नाम पर एक सरकारी कर्मचारी ने न केवल उसके भरोसे का कत्ल किया, बल्कि उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. विस्तार से जानिए इस वारदात की पूरी कहानी.
सामान चोरी होने के बाद मदद की तलाश में थी महिला
पीड़ित महिला दिल्ली से हाजीपुर के लिए निकली थी. सफर के दौरान ही उसका मोबाइल, पैसे और सारा सामान चोरी हो गया. रात के करीब 11:00 बजे जब वह सोनपुर स्टेशन पर उतरी, तो वह काफी डरी और सहमी हुई थी. उसके पास किसी से संपर्क करने का कोई जरिया नहीं था. तभी उसे एक अजनबी चेहरा मिला, जिसने सहानुभूति भरी आवाज में उससे रोने का कारण पूछा और मदद का भरोसा दिलाया.
किराए के कमरे में ले जाकर की दरिंदगी
मदद का हाथ बढ़ाने वाला व्यक्ति रेलवे का एक सरकारी कर्मचारी (ट्रैकमैन) था. उसने सुरक्षा का वादा किया और महिला को सोनपुर पोस्ट ऑफिस के पीछे 'राम जतन गली' स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया. कमरे में ले जाते ही उसका चेहरा बदल गया। उसने दरवाजा बंद कर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. महिला की चीखें उन दीवारों के बीच ही दम तोड़ती रहीं.
यह भी पढ़ें...
आधी रात को जान बचाकर भागी पीड़िता
देर रात जब मौका मिला, तो पीड़िता अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकली. आंसुओं से भीगा चेहरा और कांपते हाथों के साथ वह सीधे सोनपुर थाने पहुंची. वहां ड्यूटी पर तैनात संतरी को उसने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने घटनास्थल को सील किया और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए.
राजस्थान का रहने वाला आरोपी ट्रैकमैन गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैकमैन को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और यहां रेलवे में नौकरी करता था. पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और अदालत में धारा 164 के तहत उसके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं.
भरोसे और सुरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल
यह घटना न केवल बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि समाज के गिरते स्तर को भी दर्शाती है. एक सरकारी कर्मचारी, जिस पर जनता की सुरक्षा और मदद की जिम्मेदारी होती है, उसका ऐसा घिनौना चेहरा सामने आना डराने वाला है. पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि अपराधी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.










