Bihar Weather Update: बिहार के इन जिलों में आज बरसेंगे बादल, 21 जिलों में कोहरा बनेगा परेशानी, आने वाले दिनों में अभी और बढ़ेगी ठंड!
Bihar Weather Update: बिहार में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. 4 जनवरी को दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 21 जिलों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड और तेज हो सकती है. जिलावार बारिश, कोहरा और तापमान का पूरा अपडेट यहां पढ़ें.

Bihar Weather Update: बिहार में बीते कई दिनों से लोगों को ठंड और कोहरा से राहत मिल रही थी. लेकिन अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. एक ओर लोग जहां ठंड से परेशान थे अब बारिश की वजह से फिर उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. इसी बीच मौसम विभाग ने 4 जनवरी को लेकर एक ताजा अपडेट जारी किया है. इसके मुताबिक आज यानी 4 जनवरी को राज्य के कुछ इलाकों में बारिश तो कुछ इलाकों में कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है. वहीं तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन अगले कुछ दिनों में ठंड दोबारा तेज हो सकती है. आइए विस्तार से जानते है मौसम की पूरी कहानी.
पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य का मौसम सामान्य रहा और कहीं भी बारिश नहीं हुई. लेकिन कुछ इलाकों में कोहरा लोगों के लिए अब भी परेशानी बना रहा और लोग अलाव-अंगीठी के सहारे दिखाई दिए. तापमान की बात करें तो राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान किशनगंज में 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि भागलपुर के सबौर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा इलाका रहा. इसके अलावा कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री की बढ़ोतरी भी देखी गई.
4 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 4 जनवरी को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना है. उत्तर और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ इलाकों में कोहरा घना हो सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है. दिन के समय धूप निकलने के बाद मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें...
बारिश को लेकर ताजा अपडेट
मौसम विभाग ने बताया है कि 4 जनवरी के दौरान दक्षिण-पश्चिम बिहार के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर (भभुआ), औरंगाबाद और अरवल शामिल हैं। राज्य के बाकी हिस्सों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है.
कोहरे को लेकर अलर्ट और जिलावार स्थिति
मौसम विभाग ने 4 जनवरी के लिए राज्य के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों के जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है. वहीं पटना, गया, नालंदा, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और पूर्णिया समेत अन्य जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज
आने वाले 24 घंटों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है, लेकिन इसके बाद अगले 72 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 5 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर आगे चलकर बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है. इससे ठंड दोबारा बढ़ने के आसार हैं.










