MP Weather Update: मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 23 फरवरी को इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में 23 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और जबलपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

MP Weather
MP Weather
social share
google news

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम के तेवर एक बार फिर तल्ख होने वाले हैं. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है वहीं अब आने वाली 23 फरवरी को लेकर मौसम विभाग ने नई चेतावनी जारी कर दी है. एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने के कारण प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बादलों का डेरा रहेगा और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.

23 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 22 फरवरी से एक्टिव हो रहे नए सिस्टम का असर 23 फरवरी को दिखाई देगा. इस दौरान विशेष रूप से नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जैसे जिलों में बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर और डिंडोरी में भी मौसम बिगड़ सकता है.  उत्तर मध्य प्रदेश के छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.

पिछले 24 घंटों का हाल भी जान लीजिए 

बीते 24 घंटों में एमपी के 20 से ज्यादा जिलों में इंद्रदेव मेहरबान रहे. उज्जैन में सबसे ज्यादा 24 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई जबकि श्योपुर में 1 इंच तक पानी गिरा और 63 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और रतलाम जैसे प्रमुख शहरों में भी बादलों की आवाजाही बनी रही और कहीं-कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई.

यह भी पढ़ें...

तापमान में उतार-चढ़ाव

एक तरफ जहां बारिश ने ठिठुरन बढ़ाई है वहीं दूसरी ओर खरगोन जैसे इलाकों में पारा 34.3 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग का कहना है कि 23 फरवरी के बाद रात के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह-शाम गुलाबी ठंड का अहसास बना रहेगा.

ये भी पढ़ें: 'गंगा स्नान नहीं करने दोगे तो...'शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर ये बाेले शंकराचार्य सदानंद सरस्वती, देखें पूरा इंटरव्यू

    follow on google news