श्योपुर में किसान के बेटे ने दुल्हन के लिए मंगवाया हेलीकॉप्टर; पिता की इच्छा पूरी करने के लिए आसमान से हुई एंट्री, वीडियो वायरल

MP Viral Video: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के जेदा गांव में किसान राम सिंह मीणा ने बेटे अजय मीणा की शादी को यादगार बनाने के लिए दुल्हन की एंट्री हेलीकॉप्टर से करवाई. राजपुरा से शादी के बाद दुल्हन रतिका हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पढ़ें श्योपुर की इस वायरल शादी की पूरी कहानी, दूल्हा-दुल्हन और परिवार का बयान.

Viral wedding video MP
Viral wedding video MP
social share
google news

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के एक छोटे से गांव जेदा में उस वक्त इतिहास रच गया, जब आसमान से गूंजते हेलीकॉप्टर ने एक खेत में लैंड किया. यह कोई वीआईपी मूवमेंट नहीं, बल्कि एक साधारण किसान परिवार की अपनी बहू को घर लाने की अनोखी पहल थी. इस भव्य स्वागत को देखने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा और हर कोई इस यादगार पल का गवाह बना. आइए विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

सालों पुराने सपने ने भरी उड़ान

जेदा गांव के रहने वाले किसान राम सिंह मीणा ने हमेशा सादगी भरी जिंदगी जी, लेकिन उनके मन में एक टीस थी, बेटे की शादी को यादगार बनाने की. जब उनके छोटे बेटे अजय मीणा की शादी राजपुरा की रतिका से तय हुई, तो परिवार ने निर्णय लिया कि दुल्हन की विदाई और ससुराल में एंट्री हेलीकॉप्टर से होगी. पिता के इस सपने को हकीकत में बदलने के लिए महीनों पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं.

दुल्हन बोली- 'खुद को खुशनसीब मानती हूं'

राजपुरा में शादी की रस्में पूरी होने के बाद जब दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर में बैठकर जेदा गांव के अस्थाई हेलीपैड पर उतरे, तो माहौल उत्सव जैसा हो गया. शादी के जोड़े में सजी दुल्हन रतिका ने इस खास अनुभव पर खुशी जताते हुए कहा, 'मैं बहुत खुश हूं और खुद को बहुत खुशनसीब मानती हूं कि मुझे हेलीकॉप्टर में बैठकर ससुराल आने का मौका मिला.' वहीं दूल्हे अजय ने इसे अपने माता-पिता के प्रति सम्मान बताया और कहा कि आज उनके पिता का सबसे बड़ा सपना सच हो गया है.

यह भी पढ़ें...

दिखावा नहीं, परिवार की खुशी

दूल्हे के पिता राम सिंह मीणा के अनुसार, यह कोई दिखावा या अमीरी का प्रदर्शन नहीं था, बल्कि बच्चों की खुशी और उनके अपने मन की पुरानी इच्छा थी. गांव वालों के लिए भी यह किसी अजूबे से कम नहीं था. खेतों की पगडंडियों और घरों की छतों पर खड़े होकर लोगों ने तालियों के साथ नई जोड़ी का स्वागत किया.

इरादों की ऊंचाई ने बदला गांव का इतिहास

इस घटना ने साबित कर दिया कि सपने पूरे करने के लिए केवल पैसा ही नहीं, बल्कि इरादों की ऊंचाई भी जरूरी होती है. जहां कभी सिर्फ खेतों और कड़ी मेहनत की कहानियां सुनाई देती थीं, वहां आज इस 'उड़न खटोले' वाली शादी की चर्चा हर जुबान पर है. श्योपुर का यह छोटा सा गांव अब इस ऐतिहासिक शादी के लिए पूरे इलाके में मशहूर हो गया है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: शिवलिंग पर सिर रगड़ता दिखा बाघ, वायरल होने लगा शाहडार जंगल का हैरान करने वाला वीडियो

    follow on google news