RBSE: राजस्थान बोर्ड की 12वीं की परीक्षा के 2 पेपर के समय में हुआ बदलाव, जानें लेटेस्ट अपडेट
राजस्थान बोर्ड (RBSE) ने 12वीं की कंप्यूटर साइंस और चित्रकला परीक्षा के समय में बदलाव किया है. साथ ही 10वीं-12वीं के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं. जानें नया टाइम-टेबल और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की नई शर्त.

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा के दो प्रश्न पत्रों के समय में बदलाव किया गया है. कंप्यूटर विज्ञान , इनफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और चित्रकला की परीक्षा के समय में बदलाव हो गया है. दोनों परीक्षाएं सुबह की बजाय दोपहर 2:00 से 5:15 तक के बीच होंगी. कंप्यूटर विज्ञान इनफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिस परीक्षा 17 फरवरी को दोपहर में आयोजित होगी. वहीं 24 फरवरी को आयोजित होने वाली चित्रकला परीक्षा भी सुबह की बजाय दोपहर 2:00 बजे आयोजित की जाएगी. ध्यान देने वाली बात है कि राजस्थान बोर्ड की 10 और 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू हो रहीं हैं.
राजस्थान बोर्ड, अजमेर ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं. इस बार लगभग 19.86 लाख विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन अपलोड किए गए हैं. इस बार बोर्ड ने एक नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत स्कूल तभी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे, जब वे पहले यह जानकारी देंगे कि उनके विद्यालय में कितने विद्यार्थियों के नाम कटे हैं और कितने नाम यथावत हैं. बिना इस प्रक्रिया को पूरा किए प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अनुमति नहीं होगी.
ध्यान देने वाली बात है कि गत वर्ष जहां परीक्षाएं मार्च में शुरू हुई थीं, वहीं इस बार फरवरी के दूसरे सप्ताह से परीक्षाएं शुरू होंगी. परीक्षाओं के आयोजन के लिए जिले भर में 139 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 12वीं कक्षा का पहला पेपर मनोविज्ञान विषय का होगा, जबकि 10वीं कक्षा का पहला पेपर अंग्रेजी विषय का आयोजित किया जाएगा. परीक्षा का समय सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक निर्धारित किया गया है.










