मेरठ में शाहवाज से शादी करने जा रही युवती ने हिंदू संगठन की धमकी का दिया जवाब, बोली- मैं सनातनी नहीं हूं, शादी तो करके रहूंगी

मेरठ में कथित लव जिहाद मामले में नया मोड़. युवती और उसके परिवार ने हिंदू संगठनों के दावों को खारिज करते हुए शादी की जिद पकड़ी है. युवती का कहना है कि वह अंबेडकरवादी और वो सनातन को नहीं मानती है. जानें चाचा की FIR और इस पूरे विवाद की पूरी कहानी.

NewsTak
शादी का कार्ड वायरल हुआ तो युवती कैमरे पर आई...उन्होंने अपने चाचा के दावे को खारिज कर दिया.
social share
google news

मेरठ में 13 फरवरी को होने वाली एक शादी काफी चर्चा में आ गई है. इस शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. लोग इसपर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. दरअसल दुल्हन और दूल्हा दोनों अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. इधर इस शादी को स्थानीय हिंदू संगठन के नेता ने 'लव जिहाद' बता दिया है. 

शादी को लेकर युवती के चाचा ने भी आपत्ति जताई है और उन्होंने गंगानगर थाने में केस दर्ज करा दिया है. डीएम ऑफिस में भी शिकायत दी है. युवती के चाचा की तहरीर पर देर रात गंगानगर थाना पुलिस ने धर्मांतरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है. इधर यूपी तक से बातचीत में युवती का दावा है कि वो सनातनी नहीं बल्कि अंबेडकरवादी है और वो शादी करके रहेगी. 

किसी कीमत पर नहीं होने देंगे शादी- हिंदूवादी नेता

सोशल मीडिया पर एक कार्ड वायरल है जिसपर दुल्हन का नाम आकांक्षा और दूल्हे का नाम साहिल लिखा है. शादी मेरठ में 13 फरवरी को होनी है. इधर स्थानीय हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही ने शादी को रोकने का खुला ऐलान कर दिया है. उनका दावा है कि वे इस शादी को किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे. सचिन ने इस शादी को लव जिहाद बताया है, साथ ही सीएम योगी से इस मामले का संज्ञान लेकर शादी रुकवाने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. 

यह भी पढ़ें...

दुल्हन बनने वाली युवती का क्या कहना है? 

दुल्हन बनने वाली युवती का कहना है कि वह सनातनी नहीं है. वह अंबेडकरवादी है. 6 साल से लड़के का उसके घर आना-जाना है. लड़की का दावा है कि उसका और लड़के का परिवार आपस में राजी हैं. युवती ने सवाल पूछा कि हिंदू संगठन कौन होता है मेरी शादी रुकवाने वाला. 

दुल्हन बनने जा रही युवती कौन है? 

दरअसल गंगानगर निवासी युवती बैंक में काम करती है. लीसाड़ी गेट निवासी दूसरे कौम के एक युवक से उसका 6 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है. दोनों की शादी 13 फरवरी को मेरठ स्थित गंगानगर के एक रिसॉर्ट में होनी है. शादी के कार्ड भी छप गए हैं. युवती पक्ष की ओर से शादी के कार्ड में दूल्हे का नाम साहिल है जबकि युवक की ओर से जो कार्ड छपवाए गए उसमें दूल्हे का नाम शाहवाज राणा है लिखवाया गया है. इसी पर शादी को लेकर अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन की ओर से विरोध दर्ज कराया गया. उनका कहना है कि युवती को उसने अपना साहिल बताया है पर उसका नाम शाहवाज है. 

लड़की का दावा- वो बौद्ध धर्म को मानती है

लड़की का कहना है कि वो बौद्ध धर्म को मानती है. इस मामले को बिना मतलब के मुद्दा बनाया जा रहा है. लोगों ने इसे हिंदू-मुस्लिम से जोड़कर इश्यू बना दिया है. युवती के चाचा प्रेमचंद का कहना है कि उन्होंने भतीजी को पहले बहला-फुसला कर धर्मांतरण के जाल में फंसाया है. वे भतीजी की संपत्ति कब्जा करने की साजिश कर रहे हैं. लड़की का कहना है कि ऐसा कुछ भी नहीं है. लड़के ने खुद को हिंदू बताकर दोस्ती नहीं की. 6 साल से मेरे परिवार को पता है कि उसका नाम शाहबाज है. 

कार्ड पर लड़के का नाम साहिल क्योंकि मेरी मां ने दिया ये निकनेम

युवती का कहना है कि शादी का कार्ड जो उसकी तरफ से छपा है उसपर लड़के का नाम साहिल है. युवती ने बताया कि ये नाम उसकी मां ने प्यार से होने वाले दामाद को दिया था. युवती ने आगे कहा- हमारा परिवार सनातनी नहीं है और न ही सनातन को मानता है. 

चाचा से नहीं बनती, उनके साथ प्रॉपर्टी विवाद है- युवती

इधर युवती ने बताया कि उसके चाचा से परिवार की बनती नहीं है. दोनों परिवारों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद है. वे रास्ता रोकते हैं और प्रॉपर्टी मांगते हैं. बेवजह साहिल को बदनाम करने की कोशिश हो रही है. युवती ने आगे कहा- 'मैं उसी से शादी करूंगी और मेरा परिवार इस शादी के पक्ष में है. मैं उसके खिलाफ जाऊंगी जो FIR चाचा ने कराया है. 13 फरवरी को शादी होने वाली है और इस बवाल के चलते वेन्यू वाले बोल रहे हैं कि बुकिंग कैंसिल कर दो. ये लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं.'  

पुलिस ने बढ़ाई निगरानी 

सचिन सिरोही ने कहा कि लड़के ने अपने वलीमे के कार्ड पर अपना नाम शहवाज राणा लिखा, लेकिन शादी के कार्ड पर उसने अपना नाम साहिल लिखवाया है जिससे ये साफ है गया है कि ये जिहाद का मामला है. पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तैयार है. प्रशासन इस प्रकरण पर नजर बनाए हुए है. 

बिजनौर: महिला वकील के रेस्टोरेंट में 'प्राइवेसी' के नाम पर गंदा खेल, VIP रूम में छेद कर बनाए 200 से ज्यादा अश्लील वीडियो
 

    follow on google news