देहरादून: बीच सड़क पर राहगीरों पर फेंक रहे थे पानी के गुब्बारे, दुकानदार ने रोका तो शॉप में घुसकर मचा दिया तांडव, केस दर्ज

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में होली के गुब्बारे फेंकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसा में बदल गया. घंटाघर के पास मोबाइल शॉप में घुसकर युवकों ने कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़ की. घटना में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है. पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Dehradun news
Dehradun news
social share
google news

Dehradun holi dispute: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार शाम राहगीरों पर होली के गुब्बारे फेंकने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते मामले ने हिंसक रूप ले लिया इसके बाद मौके पर खूब हंगामा हुआ. घटना घंटाघर के पास स्थित एक मोबाइल शॉप की है. जानकारी के अनुसार यहां दुकानदार ने कुछ युवकों को राहगीरों पर गुब्बारे फेंकने से मना किया था. इसी बात से नाराज होकर युवक दुकान में घुस आए और जमकर उत्पात मचाया. उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की. इस दौरान दुकान में काम करने वाले एक युवक के सिर पर चोट आई हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है.

विस्तार से जानिए पूरा मामला

दरअसल, आरोप है कि सोमवार शाम करीब 5 बजे चकराता रोड पर स्थित एक मोबाइल की दुकान के सामने कुछ युवक आने जाने वाले राहगीरों पर पानी के गुब्बारे फेंक रहे थे. इस पर दुकानदारों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो ये बाद युवकों को नागवार गुजरी. इसके बाद दुकानदार और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते  विवाद शुरू हो गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. शुरुआती कहासुनी के बाद मामला एक बार शांत हो गया था और गुब्बारे फेंक रहे युवकों को वहां से हटा दिया गया था  लेकिन यह शांति ज्यादा देर तक नहीं टिकी.

दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट

थोड़ी देर बाद युवक बड़ी संख्या में वापस आए और गाली गलौज शुरू कर दी. हमलावर ईंट और डंडों से लैस थे. उन्होंने दुकान के अंदर घुसकर महिला स्टाफ और मालिक के साथ अभद्रता की और अक्षय नाम के कर्मचारी को बाहर खींचकर बुरी तरह पीटा. इस हमले में अक्षय के सिर में गहरी चोट आई है और उसे टांके लगाने पड़े हैं. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पुलिसकर्मी भीड़ को शांत करने की कोशिश करते दिख रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

दुकानदार दीपक के अनुसार, हमलावर स्थानीय युवक थे और जाते-जाते उन्होंने दुकान न खोलने की धमकी भी दी है. इस मामले में देहरादून के थाना नगर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 324(2), 333 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. सीओ सिटी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: देहरादून में दौड़ती पिकअप बनी आग का गोला, हाईवे पर मची अफरातफरी, ड्राइवर ने कूदकर ड्राइवर ने बचाई जान

    follow on google news