'मैं मरना नहीं चाहती...मेरा पति मुझे...', 24 घंटे पहले फेसबुक पर रोते हुए अंजलि ने मांगी थी जान की भीख, वैशाली से सामने आई खौफनाक कहानी
Vaishali Murder Case: बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर में अंजलि देवी हत्याकांड ने सबको झकझोर दिया. मौत से 24 घंटे पहले फेसबुक लाइव आकर अंजलि ने रो-रोकर जान बचाने की गुहार लगाई थी और पति पर हत्या की आशंका जताई थी. बावजूद इसके उसे सुरक्षा नहीं मिली और आखिरकार पति कुंदन शाह ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. जानिए खौफनाक वारदात की पूरी कहानी.

बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसी क्राइम स्टोरी सामने आई है जो सिस्टम, समाज और कानून पर बड़े सवाल खड़े करती है. एक महिला सोशल मीडिया पर लाइव आकर दुनिया को अपनी मौत का अंदेशा देती है, रो-रोकर जान बचाने की गुहार लगाती है, लेकिन अफसोस कि 24 घंटे बाद उसकी कही बात सच साबित हो जाती है. पातेपुर थाना क्षेत्र की अंजलि देवी की उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी. आइए विस्तार से जानते हैं इस खौफनाक वारदात की पूरी कहानी.
'मैं मरना नहीं चाहती, मेरा पति मुझे मार देगा'
अंजलि ने अपनी मौत से ठीक एक दिन पहले फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया था. इस वीडियो में वह बिलख-बिलख कर कह रही थी, 'हम मरना नहीं चाहते, हम अपने बच्चों के लिए जीना चाहते हैं, लेकिन हमको कोई जीने नहीं देना चाहता. मेरा पति मुझे मार देगा'. अंजलि ने वीडियो में यह भी कहा था कि 'जब मुझे मार देगा तब आप लोग सपोर्ट कीजिएगा'. यह सिर्फ एक वीडियो नहीं, बल्कि एक महिला की तरफ से दी गई 'डेथ वार्निंग' थी, जिसे किसी ने गंभीरता से नहीं लिया.
फेसबुक से शुरू हुआ था प्यार, फिर बन गया जान का दुश्मन
अंजलि मूल रूप से समस्तीपुर की रहने वाली थी. उसकी पहचान फेसबुक के जरिए पातेपुर के कुंदन शाह से हुई थी. दोनों दो साल तक साथ घूमते रहे और फिर अंजलि उसके साथ रहने लगी. लेकिन घर बसते ही कुंदन का व्यवहार बदल गया. वह अंजलि को खाना-पीना न देना, मारपीट करना और बेबुनियाद आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा. अंजलि अपने बच्चों को पालने के लिए मजदूरी करती थी और सोशल मीडिया पर रील बनाती थी ताकि उसे कुछ आर्थिक मदद मिल सके.
यह भी पढ़ें...
हत्या की खौफनाक रात और मासूम बेटे की गवाही
घटना वाली रात अंजलि और उसके पति कुंदन के बीच काफी विवाद हुआ था. सुबह जब पास के मंदिर में भजन-कीर्तन हो रहा था, उसी वक्त घर के एक कमरे में अंजलि की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी गई. अंजलि के बड़े बेटे ने इस पूरे कांड की गवाही दी है। मासूम ने बताया कि 'रात में सब सो गए थे, सुबह पापा ने मम्मी को मार दिया'.
सिस्टम और पुलिस की विफलता पर सवाल
अंजलि ने अपने वीडियो में साफ तौर पर बताया था कि वह पुलिस और प्रशासन के पास मदद के लिए गई थी. उसने कहा था कि थाना उसकी सुनवाई नहीं करता है और उसने एसपी को भी आवेदन दिया था. कुंदन पहले भी किसी मामले में जेल जा चुका था, लेकिन बाहर आने के बाद वह फिर से क्रूरता करने लगा. सवाल यह उठता है कि जब एक महिला लगातार अपनी जान का खतरा बता रही थी, तो उसे सुरक्षा क्यों नहीं दी गई?
आरोपी गिरफ्तार, पर अंजलि की आवाज अब बस सबूत है
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी पति कुंदन शाह को गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन यह गिरफ्तारी अंजलि को वापस नहीं ला सकती. उसका वीडियो आज भी सोशल मीडिया पर तैर रहा है, जो अब शिकायत नहीं बल्कि एक सबूत है कि कैसे एक सिस्टम एक बेबस महिला को बचाने में नाकाम रहा.










