दिल्ली मेट्रो में 'बिहारी' बोलना पड़ा भारी, युवक ने कसा तंज तो यात्रियों ने कोच के अंदर ही कर दी जमकर धुनाई, वीडियो वायरल
दिल्ली मेट्रो में क्षेत्रीय टिप्पणी करने पर भयंकर बवाल. एक युवक ने यात्री को 'बिहारी समझ रखा है' बोला, तो कोच में मौजूद लोगों ने उसकी जमकर कुटाई कर दी. सोशल मीडिया पर मारपीट का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. पूरी घटना और यात्रियों के रिएक्शन जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर.

दिल्ली मेट्रो, जिसे दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन कहा जाता है, आजकल अपनी यात्रा से ज्यादा 'अजीबोगरीब कलेश' और वायरल वीडियो के लिए चर्चा में रहती है. ताजा मामला दिल्ली मेट्रो के एक कोच के अंदर का है, जहां एक युवक को क्षेत्रीय टिप्पणी करना महंगा पड़ गया. एक अन्य यात्री को 'बिहारी' बोलने पर मेट्रो के अंदर मौजूद भीड़ भड़क गई और युवक की जमकर कुटाई कर दी.
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर 'घर का कलेश' नाम के पेज द्वारा साझा किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक यात्री को कई लोग मिलकर पीट रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ जब पिटने वाले युवक ने किसी बात पर दूसरे यात्री को ताना मारते हुए कह दिया, "बिहार समझ रखा है क्या?".
बिहारी यात्रियों ने दिखाई एकता
युवक का यह कमेंट कोच में मौजूद अन्य यात्रियों को नागवार गुजरा. वीडियो में एक प्रत्यक्षदर्शी कहता सुनाई दे रहा है, "बंदे ने बस इतना बोला था कि बिहारी समझ रखा है? बस फिर क्या था, चारों तरफ से पब्लिक उस पर टूट पड़ी और धमाधम बजाना शुरू कर दिया." यात्रियों ने मारपीट के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि किसी भी व्यक्ति को उसके राज्य या क्षेत्र के आधार पर नीचा नहीं दिखाया जा सकता.
यह भी पढ़ें...
सोशल मीडिया पर आई प्रतिक्रियाओं की बाढ़
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "क्षेत्रीय आधार पर किसी को गाली देना या अपमानित करना बिल्कुल गलत है, सबक मिलना ही चाहिए." वहीं एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "दिल्ली मेट्रो और इसका कभी न खत्म होने वाला कंटेंट." कुछ यूजर्स ने मेट्रो में बढ़ती हिंसा और सुरक्षा पर भी सवाल उठाए हैं.
स्टोरी: वैशाली माहेश्वरी










