केजरीवाल-सिसोदिया ने "आप" कार्यकर्ताओं के साथ मनाई "कट्टर ईमानदार" होली
अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं के साथ मनाई "कट्टर ईमानदार" होली. शराब घोटाला मामले में कोर्ट से मिली राहत के बाद मनीष सिसोदिया के आवास पर जश्न. केजरीवाल ने होली पर शराब की दुकानें खुली रखने के लिए भाजपा पर साधा निशाना. पूरी खबर यहां पढ़ें.

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली. "आप" पंजाब प्रभारी व दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर होली मिलन समारोह आयोजित हुआ था. तथाकथित शराब घोटाला मामले में आरोप मुक्त किए जाने की खुशी सभी नेताओं के चेहरे पर साफ झलक रही थी. सभी ने एक दूसरे को गुलाल अबीर लगाकर और गले लग कर होली पर्व के साथ-साथ कोर्ट में कट्टर ईमानदार साबित होने के लिए बधाई दी. इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने मनीष सिसोदिया के घर पर पार्टी के सभी साथियों और कार्यकर्ताओं के साथ “कट्टर ईमानदार” होली मनाई। सच और संघर्ष के रंगों के साथ ऐसी ही आगे बढ़ते रहेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह रंगों का त्यौहार होली सबके जीवन में खूब सारे खुशियों के रंग लेकर आए, सबके परिवार को सारी खुशियां दे और सबको बहुत-बहुत खुश रखे। आम आदमी पार्टी और उसके पूरे नेतृत्व के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया गया था और एक षड्यंत्र रचा गया था। अब कोर्ट से यह साबित हो गया है कि आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है और पार्टी के सभी नेता कट्टर ईमानदार हैं।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि भाजपा ने होली के मौके पर भी पूरी दिल्ली के अंदर शराब की दुकानें खोली हुई हैं। सालों-सालों से त्योहारों के अवसर पर शराब की दुकानें बंद हुआ करती थीं, ताकि शराब पीकर लोग हुड़दंग ना करें। आज होली के मौके पर, जब कई सालों से दुकानें बंद रहा करती थीं, ऐसे में भाजपा सरकार ने शराब की दुकानें खोलकर बहुत गलत किया है।
यह भी पढ़ें...
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर दिल्ली समेत सभी देशवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि रंगों का यह त्योहार आपके जीवन में खुशियां, प्रेम और नई ऊर्जा भर दे। आप सभी का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भर जाए। उनकी साज़िशों और झूठ के बीच भी आम आदमी पार्टी के रंग फीके नहीं पड़े हैं, क्योंकि हमारी ताकत है ईमानदारी और जनता का भरोसा।
वहीं, "आप" पंजाब प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी सभी को होली के पवन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार वही, रंग नया।“कट्टर ईमानदारी” का रंग है, फीका पड़ना इसकी आदत नहीं। इस बार की होली के जश्न में सिर्फ़ लाल-पीला-हरा नहीं, “क़ट्टर ईमानदारी” का रंग भी हवा में घुला। क्योंकि कुछ रंग चेहरे सजाते हैं और कुछ इतिहास लिखते हैं। चेहरे का रंग शाम तक उतर जाता है, पर अपनी ईमानदारी का रंग आने वाली पीढ़ियों तक दिखाई देगा। आप सबको होली की सच्ची, सादी और थोड़ी सी बेबाक शुभकामनाएँ।
उधर, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले करीब 3 साल से पार्टी के कार्यकर्ता इस तरह से होली नहीं मना पाए थे। पहले साल होली के वक्त मनीष सिसोदिया जेल में थे, क्योंकि वे 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार हो गए थे, इसलिए 2023 में पार्टी ने होली नहीं मनाई। 2024 में अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हो गए थे, इसलिए उस साल भी उन लोगों ने होली नहीं मनाई। 2025 में छल, कपट, पैसे और वोट चोरी से भाजपा ने दिल्ली के अंदर आम आदमी पार्टी को हराया गया, इसलिए 2025 में भी पार्टी कैडर ने बहुत ज्यादा होली नहीं मनाई।
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि 3 साल बाद पार्टी कैडर, पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए खुशी का एक मौका आया है। भाजपा सरकार ने शराब और आबकारी के नाम पर जो झूठे आरोप लगाए थे और जो षड्यंत्र रचा था, उस सबका भांडा फूट गया है और हमारे सभी नेता निर्दोष साबित हुए हैं। आज हमारे लिए बहुत खुशी का दिन है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और पार्टी के तमाम नेताओं के साथ मिलकर होली मना रहे हैं। अंत में उन्होंने पूरी दिल्ली के लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।










