दिल्ली मेट्रो में सीट के लिए अब नहीं होगी 'WWE' वाली जंग! कॉलेज छात्रों ने निकाला ऐसा जुगाड़, इंटरनेट पर वीडियो हुआ वायरल

Delhi Metro Viral Video: दिल्ली मेट्रो में सीट के लिए होने वाली रोज़ की धक्का-मुक्की के बीच कॉलेज छात्रों का अनोखा जुगाड़ इंटरनेट पर वायरल हो गया है. 3D प्रिंटर से बनाया गया हल्का और पोर्टेबल स्टूल लेकर छात्र मेट्रो कोच में आराम से बैठते नजर आए. वीडियो को 10 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. जानिए वायरल वीडियो की पूरी कहानी.

Delhi Metro Viral Video
Delhi Metro Viral Video
social share
google news

दिल्ली मेट्रो को दिल्ली वालों की 'लाइफ लाइन' कहा जाता है, लेकिन अक्सर इसमें सीट के लिए होने वाली लड़ाई-झगड़े और तू-तू मैं-मैं के वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरते रहते हैं. कभी महिलाएं एक-दूसरे के बाल नोचती दिखती हैं, तो कभी कॉर्पोरेट कर्मचारी आपस में उलझते नजर आते हैं. लेकिन अब कुछ कॉलेज छात्रों ने इस सिरदर्दी का एक ऐसा तगड़ा जुगाड़ निकाला है, जिसे देखकर आप भी दंग रह जाएंगे.

'अपनी सीट साथ लेकर चलो' का नया फॉर्मूला

मेट्रो में सीट न मिलने की समस्या से परेशान कुछ कॉलेज छात्रों के एक ग्रुप ने तय किया कि वे अब दूसरों की कोहनियां खाने या धक्के सहने के बजाय अपनी सीट खुद लेकर चलेंगे. छात्रों ने बताया कि पीक आवर्स के दौरान मेट्रो में सीट मिलना किसी सपने जैसा होता है. इसी समस्या को सुलझाने के लिए उन्होंने 3D प्रिंटिंग तकनीक का सहारा लिया और एक खास पोर्टेबल स्टूल तैयार किया.

3D प्रिंटर से तैयार किया खास 'पोर्टेबल स्टूल'

शुरुआत में इन छात्रों ने खुद से एक स्टूल बनाने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह सफल नहीं हो पाया. इसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने कॉलेज के 3D प्रिंटर का इस्तेमाल किया. दो दिनों की कड़ी मेहनत और रिसर्च के बाद उन्होंने एक हल्का, मजबूत और पोर्टेबल 3D प्रिंटेड स्टूल बनाया, जिसे आसानी से एक छोटे से बैग में रखकर कहीं भी ले जाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें...

मेट्रो के अंदर जब बिछी 'तशरीफ'

असली नजारा तब देखने को मिला जब ये छात्र अपना बनाया हुआ स्टूल लेकर मेट्रो कोच के अंदर घुसे. पीक आवर्स की भारी भीड़ और धक्कम-धक्का के बीच इन लड़कों ने अपना फोल्डेबल स्टूल खोला और आराम से बैठ गए. आसपास खड़े यात्री, जो डंडों के सहारे लटके हुए थे, इस आविष्कार को देखकर हैरान रह गए. कुछ यात्रियों ने तो इस स्टूल को खुद भी आजमाकर देखा.

इंटरनेट पर वायरल हुआ वीडियो, मिले 10 लाख से ज्यादा व्यूज

छात्रों ने इस जुगाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'दिल्ली मेट्रो वालों, हमने आपकी समस्या सुलझा दी है, आपकी रीढ़ की हड्डी इससे बेहतर डिजर्व करती है'. इस वीडियो को अब तक 10 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. जहां लोग छात्रों के इस 'जीनियस' आइडिया की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठाए हैं.

सुरक्षा पर सवाल: भीड़ में कितना सुरक्षित?

कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने वाजिब सवाल उठाया कि आईडिया तो अच्छा है, लेकिन अगर मेट्रो में भीड़ बहुत ज्यादा बढ़ गई या भगदड़ मची, तो नीचे बैठा हुआ व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो सकता है. हालांकि, सुरक्षा के सवालों के बीच दिल्ली वालों का यह जुगाड़ फिलहाल सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: दिल्ली की महिलाओं को होली का बड़ा तोहफा! फ्री मिलेगा गैस सिलेंडर, सीधे खाते में आएंगे 853 रुपए; जानें किसे मिलेगा लाभ?

    follow on google news