यमुनानगर मर्डर मिस्ट्री: प्रेमिका ही निकली अपने प्रेमी की हत्यारी, पूर्व प्रेमी के साथ मिलकर रची थी खौफनाक साजिश

Yamunanagar Murder Case: यमुनानगर के तीर्थ नगर इलाके में 21 वर्षीय युवक राजीव की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है. रेलवे ट्रैक के पास मिली लाश के मामले में उसकी प्रेमिका स्नेहा और उसके पूर्व प्रेमी अमित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जानिए पूरी मर्डर मिस्ट्री, पुलिस जांच और चौंकाने वाले खुलासे.

Yamunanagar Murder Case
Yamunanagar Murder Case
social share
google news

यमुनानगर के तीर्थ नगर इलाके में 21 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सुलझ गया है. इस हत्याकांड का जो सच सामने आया है, उसने सबको हैरान कर दिया है. राजीव नाम के जिस युवक की लाश रेलवे ट्रैक के पास मिली थी, उसकी हत्या की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि उसकी अपनी प्रेमिका स्नेहा निकली. स्नेहा ने अपने पूर्व प्रेमी अमित के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.

श्मशान घाट के पास मिली थी लाश

घटना 27 फरवरी की है जब जगादरी का रहने वाला राजीव हरिद्वार जाने की बात कहकर घर से निकला था. अगले दिन रेलवे ट्रैक के पास श्मशान घाट के नजदीक उसका शव बरामद हुआ. हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी थीं; राजीव के मुंह में फेवीक्विक जैसा चिपकने वाला पदार्थ डाला गया था और कपड़ा ठूंस दिया गया था ताकि वह चिल्ला न सके. इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई.

टैटू से हुई मृतक की पहचान

शुरुआत में शव की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन राजीव के शरीर पर बने टैटू पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुए. उसकी बाजू पर उसका नाम और सीने पर 'स्नेहा' गुदा हुआ था. इसी सुराग के आधार पर पुलिस स्नेहा तक पहुंची और फिर कत्ल की पूरी कहानी परत-दर-परत खुलती चली गई.

यह भी पढ़ें...

त्रिकोणीय प्रेम कहानी और ब्लैकमेलिंग का एंगल

जांच में सामने आया कि 27 वर्षीय स्नेहा, जो अपने पति से अलग रह रही थी, का पहले अमित नाम के युवक के साथ 8 साल तक संबंध रहा था. बाद में वह राजीव के संपर्क में आई. स्नेहा का आरोप था कि राजीव के पास उसकी कुछ निजी तस्वीरें थीं और वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था. इसी परेशानी से निजात पाने के लिए उसने अपने पूर्व प्रेमी अमित को अपनी ढाल बनाया और राजीव को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार किया.

नशा कराकर उतारा मौत के घाट

27 फरवरी को स्नेहा ने राजीव को घूमने के बहाने बुलाया. वहां पहले से ही अमित मौजूद था. अमित ने स्नेहा को घर भेज दिया और राजीव को सुनसान रेलवे ट्रैक की ओर ले गया. पुलिस के अनुसार, अमित ने पहले राजीव को नशे की ओवरडोज़ दी और फिर रस्सी से उसका गला घोंट दिया. हत्या को सुनिश्चित करने के लिए उसके मुंह को फेवीक्विक से चिपका दिया गया.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

यमुनानगर के डीएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि सीआईए-2 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर स्नेहा और अमित को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य सबूतों की बरामदगी के लिए उन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: नूह में रिश्तों का कत्ल! कलयुगी बेटे ने दिनदहाड़े पिता का कराया अपहरण, 20-25 गुंडों के साथ मिलकर बीच सड़क पर पिटवाया

    follow on google news