चूरू में खूनी होली! होटल रॉयल ट्रीट में बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, मालिक की मौत और 3 लोग गंभीर रूप से घायल
Churu Firing Case: चुरू जिले के बीदासर कस्बे में होली की रात होटल रॉयल ट्रीट में हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में होटल मालिक मुनीराम मांडा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानिए पूरी घटना, पुलिस कार्रवाई और ताजा अपडेट.

राजस्थान के चूरू जिले के बीदासर कस्बे में होली के जश्न के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई. बीदासर-नोखा-सीकर रोड पर स्थित होटल रॉयल ट्रीट में देर रात तीन हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें होटल मालिक की मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो रूह कंपा देने वाला है.
बोलेरो में आए और काउंटर पर बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12:25 बजे की है. एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर तीन बदमाश होटल पहुंचे. उन्होंने सीधे होटल के काउंटर को निशाना बनाया, जहां मालिक समेत चार लोग बैठे थे. बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे चारों लोग खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए.
होटल मालिक मुनीराम मांडा की मौत
फायरिंग में घायल होटल कारोबारी मुनीराम मांडा को तुरंत बीदासर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सुजानगढ़ रेफर किया गया. लेकिन सुजानगढ़ पहुंचते ही डॉक्टरों ने मुनीराम को मृत घोषित कर दिया. हमले में घायल अन्य तीन लोगों भीखाराम, श्रवण और प्रभुराम को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
यह भी पढ़ें...
शराब कारोबार में आपसी रंजिश का शक
सूत्रों के मुताबिक, मृतक मुनीराम मांडा होटल के साथ-साथ शराब के कारोबार से भी जुड़ा हुआ था. पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला शराब के धंधे में आपसी रंजिश का बताया जा रहा है. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या यह हमला किसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा है.
एक हमलावर की हुई पहचान, पुलिस की टीमें तैनात
घटना की सूचना मिलते ही बीदासर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और होटल को सील कर दिया गया. चूरू एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी की पहचान राजू राम नेहरा के रूप में कर ली गई है. बाकी दो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.
व्यापारियों और शहर में दहशत
हाईवे पर स्थित होटल में हुई इस सरेआम हत्या ने चूरू के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में दहशत पैदा कर दी है. सुजानगढ़ और बीदासर के अस्पतालों में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह के तनाव को रोका जा सके.










