Mp Weather Today: इंदौर, ग्वालियर और भिंड...19 फरवरी को मध्यप्रदेश में इन जिलों में होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
Madhya Pradesh Weather Update: मध्यप्रदेश में फरवरी के बीच मौसम ने चौंका दिया है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के कारण कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का अलर्ट जारी हुआ है. ऐसे में जानिए 19 फरवरी को आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम का हाल.

Mp Mausam Update: मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है और फरवरी के महीने में मानसून जैसा नजारा देखने को मिल रहा है. सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ और दो चक्रवाती परिसंचरणों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों का डेरा है, जिससे कहीं हल्की बूंदाबांदी तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है. इस बदलते मौसम ने जहां एक ओर लोगों को फरवरी की गर्मी से थोड़ी राहत दी है, वहीं दूसरी ओर गरज-चमक की स्थिति ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है.
19 फरवरी को कैसा रहेगा मध्य प्रदेश का मौसम?
मौमस विभाग ने आज यानी 19 फरवरी को प्रदेश के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से ग्वालियर-चंबल संभाग और सागर संभाग के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. आज भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और अलीराजपुर जैसे शहरों में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है.

तापमान की बात करें तो बादलों के छाने और सक्रिय मौसमी सिस्टम की वजह से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे रात की ठंड में कमी आएगी. हालांकि, बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे वातावरण में हल्की सिहरन महसूस हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में दिन का तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है, लेकिन इस सिस्टम के असर से सुबह और रात में अभी हल्की सर्दी का अहसास बरकरार रहेगा.
यह भी पढ़ें...

मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 19 फरवरी के बाद यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा, जिससे 20 फरवरी से मौसम के फिर से सामान्य होने के आसार हैं. हालांकि, आने वाले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, भिंड, दतिया और निवाड़ी जैसे उत्तरी जिलों में हल्की बारिश का असर बना रह सकता है. विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में खुले खेतों में न जाएं और अपनी तैयार फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के उपाय करें, क्योंकि फरवरी में तीसरी बार हो रही यह बारिश रबी की फसलों को प्रभावित कर सकती है.
यह भी पढ़ें: महाकाल मंदिर में पहचान छिपाकर दर्शन करने पहुंचा मुस्लिम युवक, धोती-कुर्ता और त्रिपुंड देख बजरंग दल ने पकड़ा










