दमोह में ड्रैकुला किलर: युवक का हथौड़े से सिर कुचला, फिर....पूरे इलाके में मची सनसनी
MP News: दमोह के समन्ना गांव में एक सनकी हत्यारे ने भाई दूज पर जा रहे 16 वर्षीय किशोर की हथौड़े और रॉड से बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने मृतक का मांस खाने और खून पीने जैसी रूह कंपा देने वाली हैवानियत की, जिसे देख पूरा इलाका दहशत में है.

मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए. समन्ना गांव में एक 46 साल के सिरफिरे शख्स ने न केवल एक मासूम युवक की बेरहमी से हत्या की, बल्कि वारदात के बाद जो किया उसने 'आदमखोर' प्रवृत्तियों की याद दिला दी. आरोपी ने सरेराह युवक का खून पिया और उसका मांस खाने की कोशिश की जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
भाई दूज का टीका लगवाने जा रहा था युवक
मृतक की पहचान अर्थखेड़ा निवासी भरत विश्वकर्मा (16 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, भरत भाई दूज के मौके पर अपनी बहन से टीका लगवाने के लिए बाइक से उसके घर समन्ना गांव जा रहा था. वह अपनी मंजिल के करीब पहुंच ही वाला था कि काल बनकर आए आरोपी ने उस पर हमला बोल दिया.
हथौड़े और रॉड से किया जानलेवा हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही भरत अपनी बहन के घर के सामने पहुंचा आरोपी ने अचानक उसके सिर पर भारी हथौड़े से वार किया. चोट इतनी जोरदार थी कि भरत वहीं सड़क पर गिर पड़ा. इतने से भी जब आरोपी का मन नहीं भरा तो उसने लोहे की रॉड से भरत पर तब तक प्रहार किए जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं.
यह भी पढ़ें...
कैमरे में कैद हुई 'हैवानियत'
इस हत्याकांड की सबसे खौफनाक तस्वीर तब सामने आई जब आरोपी ने मृत शरीर के साथ वीभत्स हरकतें शुरू कर दीं. मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही और कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे. वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी युवक का मांस नोच रहा है और खून पी रहा है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी उन पर भी हमला करने को उतारू था. काफी मशक्कत और घेराबंदी के बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर उसे काबू किया.
स्थानीय पुलिस सूत्र ने बताया कि आरोपी और मृतक के बीच कोई पुरानी रंजिश नहीं थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त यानी साइको है और उसने सनक में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
इलाके में दहशत का माहौल
भरत को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से पूरे समन्ना गांव और आसपास के इलाकों में मातम के साथ-साथ भारी दहशत है. लोग इस बात से हैरान हैं कि कैसे एक इंसान इतना क्रूर और आदमखोर हो सकता है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: MP में टोल वसूली पर बड़ा खुलासा: अधिसूचना जारी होने से पहले ही वसूले करोड़ों रुपये, विधानसभा के जवाब से मचा हड़कंप










