कोटा में कैसे जमींदोज हुई 3 मंजिला इमारत, चश्मदीद ने बताई पूरी कहानी, हादसे में 2 छात्रों की मौत 13 घायल

कोटा के इंद्रविहार में शनिवार रात एक तीन मंजिला रेस्टोरेंट ढहने से दो छात्रों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए. हादसा उस वक्त हुआ जब लोग रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे. माना जा रहा है कि पास की इमारत में चल रही जेसीबी की तोड़फोड़ से यह बिल्डिंग कमजोर होकर गिर गई.

Kota
Kota
social share
google news

राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार रात एक तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक ढह गई. यह दिल दहला देने वाला हादसा इंद्रविहार इलाके में ओपेरा अस्पताल रोड पर हुआ, जहां एक तीन मंजिला 'देहली नॉनवेज स्पाइसी रेस्टोरेंट अचानक ढहकर जमींदोज हो गया. हादसे के वक्त रेस्टोरेंट के ग्राउंड फ्लोर पर लोग खाना खा रहे थे. अचानक इमारत गिरने से अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मलबे में दब गए.

इस दुर्घटना में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. 

20 साल के अरण्य की मौत

हादसे के बाद पुलिस, SDRF और नगर निगम की टीमों ने मोर्चा संभाला. मलबे से लोगों को निकालने का काम देर रात 3:30 बजे तक चला. इस हादसे में जान गंवाने वालों में 20 वर्षीय अरण्य शामिल है, जो कोटा में JEE की तैयारी कर रहा था. दूसरे मृतक की उम्र करीब 14-15 साल बताई जा रही है. जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. घायलों को तत्काल न्यू मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है. अधिकांश घायलों की उम्र 20 से 30 साल के बीच है.

यह भी पढ़ें...

कैसे हुआ हादसा? 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास की एक पुरानी इमारत को जेसीबी से गिराने का काम चल रहा था. आशंका है कि उस तोड़फोड़ की वजह से रेस्टोरेंट की बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई और वह अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई.

मंत्री और अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जिला कलेक्टर और एसपी सहित कई बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है और प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं. फिलहाल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि क्या बिल्डिंग गिराने के काम में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी.कोटा में बड़ा हादसा: खाना खाते वक्त ढहा 3 मंजिला रेस्टोरेंट, दो छात्रों की मौत, 13 घायल

कोटा में बड़ा हादसा: खाना खाते वक्त ढहा 3 मंजिला रेस्टोरेंट, दो छात्रों की मौत, 13 घायल
 

    follow on google news