तिहाड़ से सीधे भतीजी की शादी में पहुंचे कॉमेडी किंग राजपाल यादव, UP Tak से एक्सक्लूसिव बातचीत किया ये बड़ा ऐलान
9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल की हवा खा चुके बॉलीवुड के कॉमेडी किंग राजपाल यादव अंतरिम जमानत पर बाहर आ गए हैं. जेल से निकलते ही वह सीधे अपने पैतृक गांव पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ जश्न मनाया. यूपी तक से खास बातचीत में उन्होंने अपने केस और संघर्ष पर बड़ी बात कही है.

Rajpal Yadav Jail Case: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता राजपाल यादव, जो अपनी बेमिसाल कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं, पिछले कुछ समय से कानूनी मुश्किलों में घिरे हुए हैं. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में 12 दिन बिताने के बाद राजपाल यादव अब अंतरिम जमानत पर बाहर हैं. जेल की सलाखों से बाहर आते ही वे सीधे अपने गांव शाहजहांपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी भतीजी की शादी में शिरकत की और पत्नी के साथ जमकर डांस किया.
क्या है पूरा मामला?
राजपाल यादव की मुश्किलें साल 2010 में शुरू हुई थीं, जब उन्होंने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. समय पर भुगतान न होने और चेक बाउंस होने के कारण यह राशि ब्याज समेत 9 करोड़ रुपये तक जा पहुंची. इस मामले में कोर्ट ने उन्हें 6 महीने की सजा सुनाई थी, जिसके चलते उन्होंने 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था. हालांकि, भतीजी की शादी के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये जमा करने की शर्त पर 18 मार्च तक अंतरिम जमानत दी है.
UP Tak के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत
जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने 'यूपी तक' से खास बातचीत की. जब उनसे उनके केस और विवाद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बहुत ही संजीदगी से जवाब दिया. राजपाल ने कहा, "अभी मेरा मोबाइल तक ओपन नहीं हुआ है. मैं जल्द ही एक विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे देश और दुनिया के सामने इस मामले के तथ्य और सच रखूंगा. मामला अभी न्यायालय में है, इसलिए मैं फिलहाल बहुत ज्यादा नहीं बोल सकता, लेकिन देश के कानून पर मुझे पूरा भरोसा है."
यह भी पढ़ें...
परिवार को बताया सबसे बड़ी ताकत
मुश्किल समय का जिक्र करते हुए राजपाल यादव भावुक हो गए. उन्होंने अपनी पत्नी राधा यादव की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक चट्टान की तरह उनके साथ खड़ी रहीं. उन्होंने कहा, "मेरा जन्म इसी गांव में हुआ है और यहां की मिट्टी ने मुझे लड़ना सिखाया है. मेरे मुश्किल वक्त में मेरे भाइयों और पूरे गांव ने मेरा साथ दिया है. मुझे खुशी है कि आज मेरी अगली पीढ़ी पढ़ी-लिखी है और हम सब साथ हैं."
शादी के जश्न में राजपाल यादव धोती-कुर्ते में नजर आए और सलमान खान के गाने 'तेरी चुनरिया' पर ठुमके लगाते दिखे. उनके प्रशंसकों के लिए यह राहत की बात है कि वे फिर से अपने पुराने अंदाज में लौट रहे हैं, हालांकि कानूनी लड़ाई अभी जारी है.
यह भी पढ़ें: एक्टर राजपाल यादव की मदद के दावों की खुली पोल, भाई श्रीपाल यादव बोले- 'अकाउंट में नहीं आया एक भी रुपया'










