बिहार में 'निशांत युग' की शुरुआत! संजय झा बोले- नीतीश कुमार की फोटोकॉपी हैं निशांत, क्या जेडीयू से होगा अगला सीएम?
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की एंट्री के बाद राज्य का माहौल गरमाया हुआ है. इसी बीच दिल्ली में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री से लेकर पार्टी की भविष्य की रणनीति पर बातचीत की है. साथ ही उन्होंने राजद और कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी अपनी बात रखी है. विस्तार से जानिए पूरी बात.

बिहार की सियासत में सोमवार को उस वक्त एक नया मोड़ आया जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण कर ली. लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसे पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक और शुभ समाचार बताया है. निशांत की राजनीति में एंट्री को जेडीयू की भविष्य की रणनीति और नीतीश कुमार की विरासत को सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए संजय झा ने निशांत कुमार के विजन, उनकी कार्यशैली और विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर बेबाकी से जवाब दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि निशांत की कार्यशैली और सोच ठीक वैसी ही है जैसी नीतीश कुमार की रही है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है.
कार्यकर्ताओं की मांग पर हुई एंट्री
संजय झा ने बताया कि पार्टी के भीतर लंबे समय से यह मांग उठ रही थी कि निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाया जाए. कार्यकर्ता उनके पास आकर लगातार इसकी चर्चा करते थे. उन्होंने कल के दिन को पार्टी के लिए 'शुभ समाचार' बताया और कहा कि आने वाले समय में पार्टी को मजबूत करने में निशांत की अहम भूमिका होगी.
नीतीश कुमार की 'फोटोकॉपी' हैं निशांत
निशांत कुमार के विजन और व्यक्तित्व पर बात करते हुए संजय झा ने उन्हें 'नीतीश जी की फोटोकॉपी' करार दिया. उन्होंने कहा कि निशांत काफी पढ़े-लिखे (इंजीनियर) और संवेदनशील हैं. वे चीजों को बहुत करीब से वॉच करते हैं और नीतीश जी के पदचिन्हों पर चलते हुए उनकी विरासत को आगे बढ़ाएंगे.
यह भी पढ़ें...
विपक्ष के दबाव वाले दावों पर करारा पलटवार
आरजेडी और कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर कि नीतीश कुमार से यह फैसला दबाव में कराया गया है, संजय झा ने कड़ा जवाब दिया. उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा, 'इस धरती पर कौन पैदा लिया है जो नीतीश कुमार जी से जबरदस्ती कुछ करा देगा? नीतीश जी कभी किसी के मन के खिलाफ या दबाव में काम नहीं करते. जो भी फैसला होता है, वे खुद लेते हैं और विचार-विमर्श के बाद ही करते हैं'.
क्या अगला सीएम जेडीयू से होगा?
जब संजय झा से सवाल किया गया कि क्या निशांत कुमार या जेडीयू का कोई नेता अगला मुख्यमंत्री होगा, तो उन्होंने बहुत सधे हुए अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि फिलहाल लक्ष्य पार्टी को मजबूत करना और बिहार के विकास को गति देना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नई सरकार के गठन और पदों (मुख्यमंत्री/उपमुख्यमंत्री) को लेकर आने वाले समय में पार्टी के भीतर और गठबंधन के साथ बैठकर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
नेक्स्ट जनरेशन पॉलिटिक्स का उदय
संजय झा का मानना है कि निशांत कुमार के आने से बिहार की 'नेक्स्ट जनरेशन पॉलिटिक्स' को ताकत मिलेगी. उन्होंने कहा कि जेडीयू में पहले से ही कई युवा विधायक हैं, और निशांत के आने से युवाओं और पार्टी के बीच एक नया जुड़ाव पैदा होगा.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: निशांत कुमार की जेडीयू में ग्रैंड एंट्री, पिता नीतीश कुमार और अपने भविष्य को लेकर कही ये बड़ी बात










