मधेपुरा में इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में बीटेक छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया मर्डर का आरोप!

Madhepura Engineering College News: मधेपुरा के बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में बीटेक छात्रा खुशबू कुमारी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है. जानिए कॉलेज प्रशासन की भूमिका, हॉस्टल सुरक्षा और पुलिस जांच पर उठ रहे सवालों की पूरी कहानी.

Madhepura engineering college news
मधेपुरा के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत
social share
google news

बिहार के पटना में नीट छात्रा की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि मधेपुरा से एक और छात्रा की संदिग्ध मौत की सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां के बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में मुजफ्फरपुर की रहने वाली बीटेक छात्रा खुशबू कुमारी का शव फंदे से लटकता हुआ मिला. इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है. वहीं पुलिस को जैसे ही मामले की जानकारी मिली वे मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई है. आइए विस्तार से जानते है इस मामले की पूरी कहानी.

क्लास नहीं गई थी छात्रा, कमरे में मिला शव

जानकारी के मुताबिक, सोमवार की दोपहर 2:00 बजे सभी छात्राएं क्लास के लिए गई थीं, लेकिन खुशबू क्लास में नहीं आई. उसकी रूममेट ने सोचा कि शायद उसकी तबीयत खराब होगी. लेकिन जब 3:30 बजे रूममेट वापस लौटी तो कमरा अंदर से बंद था. बार-बार खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो वह डर गई और उसने वार्डन और गार्ड्स को बुलाया गया. दरवाजा खोलते ही सामने जो मंजर था उसे देख सभी हैरान रह गए क्योंकि बालकनी के पास खुशबू का शव फंदे से झूलता हुआ मिला.

"खुशमिजाज और खिलाड़ी थी बेटी, सुसाइड क्यों करेगी?"

छात्रा की रूममेट और हॉस्टल इंचार्ज दोनों का कहना है कि खुशबू पढ़ाई और खेलकूद दोनों में अच्छी थी. वह हाल ही में सुपौल में कबड्डी खेलकर लौटी थी और कभी किसी तनाव या परेशानी में नहीं दिखी. रूममेट ने बताया कि जब वह क्लास के लिए जा रही थी, तब खुशबू पढ़ रही थी और बिल्कुल सामान्य थी.

यह भी पढ़ें...

परिजनों के आरोप

मुजफ्फरपुर से मधेपुरा पहुंचे खुशबू के पिता ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता का कहना है कि उन्हें कॉलेज की ओर से कोई फोन नहीं किया गया, बल्कि रूममेट ने उन्हें मौत की खबर दी. पिता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जो बेहद संदिग्ध है. उन्होंने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दिया है और पूरी जांच की मांग की है.

शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड जैसा पैटर्न?

परिजनों का कहना है कि यह घटना बिल्कुल उसी पैटर्न पर है जैसे हाल ही में पटना के एक हॉस्टल में नीट छात्रा की रहस्यमयी मौत हुई थी. बंद कमरा, फंदे से लटकता शव, परिजनों को समय पर सूचना न देना और बिना परिवार के मौजूदगी के शव हटाना, ये तमाम बातें हॉस्टल की सुरक्षा और प्रशासन की भूमिका पर बड़े सवाल खड़े करती हैं.

पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम

पुलिस ने मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है. जांच अब छात्रा की चैट हिस्ट्री, कॉल डिटेल (CDR) और कमरे की फॉरेंसिक जांच पर टिकी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी, लेकिन फिलहाल मामले को हर एंगल से जांचा जा रहा है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: 'परिजनों को भरोसा नहीं था, इसलिए सौंपी CBI को जांच', शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा बयान

    follow on google news