Rajasthan Weather: पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, IMD ने जारी किया लेटेस्ट अपडेट
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदल गया है. 1 फरवरी को जयपुर, अजमेर और बीकानेर सहित कई संभागों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. अलवर और भरतपुर जैसे जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट है. बारिश के बाद कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छाने के आसार हैं.

Rajasthan Weather Update: राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग संभागों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव और ठिठुरन महसूस की जा सकती है.
1 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?
फरवरी महीने की शुरुआत राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ होने वाली है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 1 फरवरी को जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है. इसके अलावा बीकानेर संभाग में भी कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वर्षा हो सकती है.
IMD ने चेतावनी दी है कि इस दौरान अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, और सवाई माधोपुर जैसे जिलों में मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ-साथ ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
यह भी पढ़ें...
प्रमुख शहरों का तापमान
जोधपुर और पाली क्षेत्र: पिछले 24 घंटों में जवाई डैम और पाली क्षेत्र में अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में काफी अधिक रहा. वहीं जोधपुर शहर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
जयपुर संभाग: राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा. पिलानी में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री और सीकर में 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान: श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चुरू में यह 9.0 डिग्री दर्ज किया गया. अलवर में पारा गिरकर 7.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.
अन्य शहर: अजमेर में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री, कोटा में 11.9 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. जैसलमेर में रात का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का कहना है कि एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश का यह दौर अभी थमने वाला नहीं है. 2 फरवरी को एक और नया विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 3-4 फरवरी तक पूर्वी राजस्थान के कोटा, जयपुर और अजमेर संभागों में देखने को मिलेगा. बारिश और ओलावृष्टि के बाद 3 फरवरी से प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है और दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है.
यह भी पढ़ें:










