फ्रांस में पढ़ाई, UN में नौकरी…प्रेरक है केके बिश्नोई के IPS बनने का सफर, अब SP अंशिका वर्मा से करने जा रहे शादी!
राजस्थान के बाड़मेर निवासी आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई ने फ्रांस से पढ़ाई और संयुक्त राष्ट्र की 30 लाख की नौकरी छोड़कर देश सेवा चुनी. 2017 में यूपीएससी क्लियर कर आईपीएस बने बिश्नोई फिलहाल संभल के एसपी हैं.

KK Bishnoi IPS: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में तैनात आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई (के.के. बिश्नोई) इन दिनों चर्चा में हैं. उनकी शादी बरेली में तैनात आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा से होने वाली है. लेकिन उनकी चर्चा सिर्फ शादी की वजह से नहीं, बल्कि उनके संघर्ष और फैसलों की वजह से भी है.
राजस्थान के बाड़मेर से आने वाले के.के. बिश्नोई ने विदेश में पढ़ाई की, संयुक्त राष्ट्र (UN) में मोटे पैकेज की नौकरी की, लेकिन देश सेवा के लिए उस नौकरी को छोड़कर UPSC की तैयारी की और आईपीएस अधिकारी बने.
दूसरे प्रयास में हासिल की UPSC में सफलता
कृष्ण कुमार बिश्नोई ने साल 2017 में UPSC परीक्षा पास की. उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 174 हासिल की और आईपीएस अधिकारी बनने का सपना पूरा किया.
यह भी पढ़ें...
उनकी यह सफलता इसलिए भी खास मानी जाती है क्योंकि उन्होंने विदेश में शानदार करियर छोड़कर प्रशासनिक सेवा को चुना.
दिल्ली से फ्रांस तक की पढ़ाई
के.के. बिश्नोई की पढ़ाई गांव के प्राथमिक विद्यालय से शुरू हुई. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया.
उच्च शिक्षा के लिए वह फ्रांस गए, जहां पेरिस स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा विषय में मास्टर डिग्री हासिल की. यह पढ़ाई उन्हें फ्रांस सरकार की स्कॉलरशिप पर मिली थी.
संयुक्त राष्ट्र की नौकरी छोड़ लिया बड़ा फैसला
पढ़ाई पूरी करने के बाद बिश्नोई ने संयुक्त राष्ट्र के ट्रेड सेंटर में लगभग एक साल तक काम किया. इस दौरान उन्हें करीब 30 लाख रुपये सालाना पैकेज मिल रहा था.
हालांकि उनका सपना देश की सेवा करना था. इसी वजह से उन्होंने यह हाई-पेइंग नौकरी छोड़ दी और भारत लौटकर जेएनयू से एम.फिल करते हुए UPSC की तैयारी शुरू कर दी.
कड़ी मेहनत और लगन के बाद उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर ली और भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हो गए.
अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए मशहूर
वर्तमान में कृष्ण कुमार बिश्नोई संभल जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात हैं. वह अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं.
इससे पहले गोरखपुर में SP सिटी रहते हुए उन्होंने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी. उस दौरान लगभग 803 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की गई थी. उनकी सख्ती के कारण कई अपराधियों ने शहर छोड़ दिया था.
सोशल मीडिया पर भी चर्चा में
हाल ही में वह सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आए थे. उन्होंने उपद्रवी युवाओं को समझाते हुए कहा था कि नेताओं के चक्कर में पड़कर अपना भविष्य खराब न करें. उनकी यह बात सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी.
गोरखपुर में हुई थी अंशिका वर्मा से मुलाकात
कृष्ण कुमार बिश्नोई करीब 29 महीने तक गोरखपुर में SP सिटी के पद पर तैनात रहे. इसी दौरान उनकी मुलाकात 2021 बैच की आईपीएस अंशिका वर्मा से हुई थी, जो उस समय वहां ASP के रूप में कार्यरत थीं.
गोरखपुर में तैनाती के दौरान वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी भी संभालते थे.










