यूपी में पंचायत चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने कर बहुत कुछ क्लीयर कर दिया, 28 फरवरी को आएगी वोटर लिस्ट
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव तय समय पर होंगे. पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने साफ किया कि चुनाव विधानसभा से पहले होंगे और EVM नहीं, मतपत्र से मतदान होगा.

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सबकुछ साफ कर दिया है. मंगलवार को एक बयान में उन्होंने कहा कि चुनाव पूर्व निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे. पंचायत चुनाव की तैयारी सरकार कर रही है. मतपत्र छपकर जिलों में चले गए हैं. 28 फरवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन हो जाएगा. ओपी राजभर ने ये भी साफ किया कि पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले ही करा लिए जाएंगे.
एक चर्चा थी कि पंचायत चुनाव 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के साथ ही कराए जाएंगे. ओपी राजभर ने इस चर्चा पर विराम लगा दिया है. मंगलवार को ओपी राजभर वाराणसी में थे. ये योगी सरकार में पंचायती राजमंत्री हैं. राजभर ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारियों ने पंचायती चुनाव को लेकर होमवर्क भी शुरू कर दिया है. ध्यान देने वाली बात है कि इस बात पंचायत के चुनाव ईवीएम से नहीं बल्कि मतपत्र से होंगे.
अब सवाल ये है कि आखिर पंचायत चुनाव होंगे कब? मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने चुनावों को लेकर कोई स्पष्ट तारीख तो नहीं बताई, लेकिन ये साफ कर दिया कि चुनाव अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच में ही होंगे. यानी यूपी में होने वाले प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के त्रिस्तरीय चुनाव में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है. गांवों में भी इसे लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें...
कैसे होंगे पंचायत चुनाव
पहले चरण में ग्राम प्रधान, बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) और जिला पंचायत सदस्यों के लिए मतदान होगा. इसके बाद ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष के अप्रत्यक्ष चुनाव कराए जाएंगे. इसके लिए जिलों में बैलेट पेपर पहुंचा दिए गए हैं. इसे लेकर जल्द ही नोटिफिकेशन जारी होगा.










