सिवान में ट्यूशन के नाम पर छात्रा से की गंदी हरकत, रंगे हाथों पकड़ा गया सरकारी मास्टर, फिर जो हुआ उसका वीडियो आया सामने
Bihar Crime: बिहार के सिवान जिले में एक सरकारी शिक्षक पर 10 साल की छात्रा से छेड़खानी का आरोप लगा है. ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बसंतपुर थाना क्षेत्र की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जानिए पूरा मामला.

बिहार के सिवान जिले से एक गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक सरकारी शिक्षक पर अपनी ही 10 साल की मासूम छात्रा के साथ छेड़खानी और गलत काम करने का आरोप लगा है. ग्रामीणों ने शिक्षक को रंगे हाथों पकड़ने के बाद न केवल उसकी जमकर पिटाई की, बल्कि उसके सिर के बाल मुड़वाकर और चेहरे पर कालिख पोतकर पूरे बाजार में घुमाया जिसका वीडियो भी सामने आया है. आइए विस्तार से जानते हैं पूरा मामला.
क्या है पूरा मामला?
घटना सिवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव की है. आरोपी शिक्षक की पहचान वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा प्राथमिक विद्यालय में तैनात है. बताया जा रहा है कि शिक्षक कन्हौली गांव में ही एक मकान बनाकर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का काम करता है. रविवार सुबह जब एक 10 साल की मासूम छात्रा ट्यूशन पढ़ने आई, तो शिक्षक ने उसके साथ गंदी हरकत करने का प्रयास किया.
सिर मुड़ाया और पोती कालिख
जैसे ही बच्ची के साथ हुई इस करतूत की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई, उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. आक्रोशित भीड़ ने शिक्षक को पकड़ लिया और उसकी जमकर कुटाई की. इसके बाद लोगों ने कानून हाथ में लेते हुए शिक्षक का सिर मुड़वा दिया, चेहरे पर कालिख मली और उसे पूरे कन्हौली बाजार में बेइज्जत करते हुए घुमाया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह भी पढ़ें...
पुलिस ने लिया हिरासत में
हंगामे की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया. महाराजगंज पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है.
समाज में आक्रोश
इस घटना ने समाज में गुरु पर होने वाले भरोसे को हिलाकर रख दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस शिक्षक के पास बच्चे शिक्षा लेने जाते हैं, अगर वही ऐसी हैवानियत करेगा तो अभिभावक अपने बच्चों को कहां भेजेंगे? फिलहाल, आरोपी शिक्षक पुलिस की गिरफ्त में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
यहां देखें वीडियो
इनपुट- चंदन कुमार










