जेल से बाहर आएगा मोनू मानेसर, जयपुर हाईकोर्ट ने जुनैद-नासिर केस में दी जमानत
जयपुर हाईकोर्ट ने जुनैद-नासिर हत्याकांड में आरोपी मोनू मानेसर को जमानत दे दी है। पटौदी और नूंह मामलों में उसे पहले ही बेल मिल चुकी थी. गुरुग्राम की अदालत में बॉन्ड भरने की प्रक्रिया पूरी होते ही वह एक-दो दिन में जेल से बाहर आ जाएगा.

राजस्थान के चर्चित जुनैद-नासिर हत्याकांड मामले में गुरुग्राम के रहने वाले मोनू मानेसर को बड़ी राहत मिली है. जयपुर हाईकोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान मोनू मानेसर को जमानत दे दी. करीब ढाई साल बाद उसके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हुआ है. हालांकि औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उसकी रिहाई हो सकेगी.
एडवोकेट कुलभूषण भारद्वाज के अनुसार अदालत से जमानत मिल चुकी है, लेकिन अभी गुरुग्राम के एक मामले में बॉन्ड भरना बाकी है. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोनू मानेसर एक या दो दिन में जेल से बाहर आ सकता है.
2023 में हुई थी गिरफ्तारी
मोनू मानेसर को 12 सितंबर 2023 को गुरुग्राम पुलिस ने मानेसर सेक्टर-1 मार्केट से गिरफ्तार किया था. उस समय उस पर पटौदी इलाके में हुए एक झगड़े के दौरान फायरिंग करने का आरोप लगाया गया था. गिरफ्तारी के बाद कई मामलों में उससे पूछताछ की गई थी.
यह भी पढ़ें...
नूंह दंगे से भी जुड़ा नाम
अगस्त 2023 में हरियाणा के नूंह में नल्हड़ महादेव मंदिर की जलाभिषेक यात्रा के दौरान भड़के दंगों से पहले सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ पोस्ट साझा करने का आरोप भी मोनू मानेसर पर लगा था. इसी कारण मेवात दंगा मामले में भी उसे आरोपी बनाया गया था.
राजस्थान पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया
इसके अलावा राजस्थान के भरतपुर जिले से जुड़े चर्चित नासिर-जुनैद हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था. इस मामले में राजस्थान पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी. यही मामला ऐसा था जिसमें उसे अब तक जमानत नहीं मिली थी.
अन्य मामलों में पहले ही मिल चुकी थी राहत
पटौदी फायरिंग केस और नूंह दंगा मामले में मोनू मानेसर को पहले ही जमानत मिल चुकी थी. लेकिन जुनैद-नासिर हत्या मामले में जमानत लंबित थी. गुरुवार को जयपुर हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद अदालत ने उसे राहत दे दी.
जमानत की खबर सामने आते ही मानेसर गांव में उसके परिवार और समर्थकों में खुशी का माहौल बताया जा रहा है.
गौ रक्षक के रूप में पहचान
मोनू मानेसर का असली नाम मोहित यादव है. वह लंबे समय से गौ रक्षा से जुड़े अभियानों में सक्रिय रहा है और बजरंग दल से जुड़ा बताया जाता है. उसके समर्थकों का दावा है कि उसकी टीम कई सालों से रात में सड़कों पर गश्त कर गौ तस्करी रोकने का काम करती रही है.










