'फेल हुए तो दारू बेचेंगे, जेल जाना तो सपना है', बिहार मैट्रिक परीक्षा के बीच छात्र का वीडियो वायरल

Samastipur viral video: बिहार मैट्रिक परीक्षा के बीच समस्तीपुर से एक छात्र का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें वह फेल होने पर शराब का अवैध कारोबार करने और जेल जाने को सपना बताता नजर आ रहा है. मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के विशंभरपुर एलोथ स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर रिकॉर्ड हुए इस वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था और युवाओं की मानसिकता पर बहस छेड़ दी है. जानें पूरी कहानी.

Bihar student viral video
Bihar student viral video
social share
google news

बिहार में मैट्रिक (10वीं) की परीक्षाएं चल रही हैं, जहां लाखों छात्र अपने सुनहरे भविष्य की उम्मीद में कलम घिस रहे हैं. लेकिन इसी बीच समस्तीपुर जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था और नई पीढ़ी की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े एक छात्र ने कैमरे के सामने बेधड़क कहा कि अगर वह फेल हो गया, तो वह पढ़ाई छोड़ अपराध की दुनिया में कदम रखेगा.

'पास हुए तो माहौल बनाएंगे, फेल हुए तो दारू बेचेंगे'

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में छात्र खुद को बिहार का लड़का बताते हुए कहता है कि अगर वह परीक्षा में पास नहीं हुआ, तो वह शराब का अवैध कारोबार शुरू करेगा. छात्र ने बड़े आत्मविश्वास के साथ कहा, 'अगर पास नहीं हुए ना, तो हम दारू का कारोबार करेंगे. बिहार से नहीं, सीधे झारखंड से दारू डील करेंगे.' छात्र की यह बातें सुनकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा.

'प्रशासन पैसे पर बिकता है': पुलिस को भी दी चुनौती

वीडियो में जब छात्र से पूछा गया कि बिहार में तो शराबबंदी है, तो उसने बेहद आपत्तिजनक जवाब दिया. छात्र ने कहा कि उसके पास पैसा है और प्रशासन पैसे पर बिकता है, इसलिए वह आसानी से झारखंड से बिहार तक शराब पहुंचा देगा. इतना ही नहीं, उसने आगे कहा, 'अगर फेल हो गए, तो हर थाने में हमारा नाम चलेगा. जेल जाना तो मेरा सपना ही है.' छात्र का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे एक नाबालिग की 'अपराधी मानसिकता' का संकेत मान रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

समस्तीपुर के परीक्षा केंद्र का मामला

बताया जा रहा है कि यह वीडियो समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के विशंभरपुर एलोथ स्थित राजकीयकृत अल्फा मध्य विद्यालय के परीक्षा केंद्र के बाहर का है. छात्र वहां मैट्रिक की परीक्षा देने आया था. किसी ने उसकी इन विवादित बातों को मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया और इंटरनेट पर डाल दिया. अब यह चर्चा का विषय बन गया है कि छात्र ने यह बातें महज फेमस होने के लिए कहीं या वाकई उसकी सोच इस दिशा में जा रही है.

समाज और प्रशासन के लिए खतरे की घंटी

जहां एक ओर बिहार सरकार शराबबंदी को सफल बनाने और शिक्षा में सुधार के दावे कर रही है, वहीं एक स्कूली छात्र का सरेआम पुलिस को बिकाऊ बताना और अपराध को अपना सपना बताना चिंताजनक है. जानकारों का मानना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में बच्चे गलत रास्तों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिन्हें सही दिशा देने की तुरंत जरूरत है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: 'सर करियर का सवाल है, जाने दीजिए!' गेट नहीं खुला तो छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान; बिहार बोर्ड की सख्ती पर उठे सवाल

    follow on google news