दरभंगा में 6 साल की मासूम के साथ दरिंदगी और हत्या, तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा; गिनाईं बिहार की खौफनाक घटनाएं
Darbhanga crime news: दरभंगा में 6 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना ने बिहार को झकझोर दिया है. इस मामले को लेकर तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं और हाल के आपराधिक मामलों का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा है. जानिए पूरी कहानी.

बिहार के दरभंगा में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. बच्ची के साथ न केवल दुष्कर्म किया गया, बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या भी कर दी गई. इस घटना को लेकर जनता में भारी आक्रोश है और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. आइए जानते हैं इस खौफनाक मामले की कहानी के साथ-साथ तेजस्वी यादव का सरकार पर हमले की पूरी बात.
तालाब के पास खेल रही थी मासूम, तभी हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची अपनी दो सहेलियों के साथ तालाब के पास खेल रही थी. तभी पास के ही रहने वाले एक युवक ने तीनों बच्चियों को पकड़ने की कोशिश की. दो सहेलियां भागने में सफल रहीं, लेकिन 6 साल की मासूम आरोपी के हत्थे चढ़ गई. आरोपी उसे घसीटता हुआ ले गया और उसके साथ दरिंदगी करने के बाद उसकी हत्या कर दी. बच्ची का शव खून से लथपथ हालत में पास ही मिला, जिसकी पहचान परिजनों ने की.
आरोपी गिरफ्तार, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज
पुलिस ने भागने में सफल रही बच्चियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जैसे ही आरोपी पकड़ा गया, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भीड़ आरोपी को खुद सजा देने की मांग कर रही थी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई.
यह भी पढ़ें...
तेजस्वी यादव का तीखा हमला: 'सरकार की चुप्पी खतरनाक'
इस घटना के बाद तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर सरकार की पोल खोली है. उन्होंने लिखा कि बिहार में विधि-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधी-सत्ताधारी गठबंधन में जनता पिस रही है. तेजस्वी ने बिहार में हाल ही में हुई कई आपराधिक घटनाओं की सूची भी जारी की, जिनमें पटना में नीट छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या, मधेपुरा और खगड़िया में मासूमों और महिलाओं की हत्या, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और छपरा में गैंगरेप और अपहरण की घटनाएं सहित कई मामले शामिल है. तेजस्वी ने मुख्यमंत्री की चुप्पी को 'अपराधिक' करार देते हुए कहा कि सत्ता संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.
सुशासन के दावों पर सवाल
पटना के नीट छात्रा कांड का जिक्र करते हुए रिपोर्ट में बताया गया कि एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सबूत नहीं लगा है और अब मामला सीबीआई को सौंपा गया है. अब दरभंगा की इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सुशासन की सरकार के दावों की हवा निकाल दी है.
यहां देखें वीडियो
इनपुट- प्रह्लाद कुमार
यह खबर भी पढ़ें: 'हमसे भिड़िएगा तो गच्चा में गिरिएगा...', तेज प्रताप यादव ने अब किसके लिए दे दी ये चेतावनी!










