मुजफ्फरनगर में नमाज पढ़कर लौट रहे युवक पर बीच सड़क जानलेवा हमला, सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा मंजर...देखें वीडियो
Muzaffarnagar assault video: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नमाज पढ़कर लौट रहे अब्दुल वहाब पर बीच सड़क हमला हुआ. पीर वाली मस्जिद से लौटते वक्त कुछ युवकों ने लात-घूंसों और बैट से बेरहमी से पीटा. पूरी घटना वहां पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई और जो कि अब सोशल मीडिया पर वायरल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद हैरान करने वाली और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. रविवार दोपहर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कजियान मोहल्ले में नमाज़ अदा कर घर लौट रहे अब्दुल वहाब को बीच सड़क पर घेरकर बेरहमी से पीटा गया. हमलावरों ने न सिर्फ लात-घूंसों का इस्तेमाल किया, बल्कि हथियारनुमा चीजों और क्रिकेट बैट से भी युवक पर ताबड़तोड़ वार किए. यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और हड़कंप का माहौल है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
मस्जिद से लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक अब्दुल वहाब रविवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच पास की 'पीर वाली मस्जिद' में नमाज अदा करने गया था. बताया जा रहा है कि मस्जिद के इमाम साहब के बीमार होने के कारण अब्दुल ही वहां नमाज पढ़ा रहे थे. नमाज खत्म करने के बाद जब वे पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया.
मामूली कहासुनी और फिर खूनी संघर्ष
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर चलते समय किसी मामूली बात को लेकर अब्दुल की दूसरे समुदाय के कुछ लड़कों से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते यह बहस हिंसक झड़प में बदल गई. हमलावरों ने अपने कुछ और साथियों को फोन कर बुला लिया, जो बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और अब्दुल पर हमला बोल दिया. आरोपियों ने अब्दुल को सड़क पर पटक-पटक कर पीटा और बैट जैसी चीजों से उसके सिर और शरीर पर वार किए.
यह भी पढ़ें...
सीसीटीवी में कैद हुई दरिंदगी
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हमलावर बेखौफ होकर युवक की पिटाई कर रहे हैं. हमलावरों की पहचान लवी, हरीश, ऋषभ और उनके कुछ अन्य साथियों के रूप में हुई है. शोर सुनकर जब आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके की ओर भागे, तब हमलावर वहां से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए.
पीड़ित की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
अब्दुल वहाब को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. उनके परिजनों का कहना है कि उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर सुनियोजित तरीके से आए थे और उनका मकसद अब्दुल को गंभीर नुकसान पहुंचाना था.
पुलिस की कार्रवाई और बयान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. एसपी सिटी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है. सिविल लाइन थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में यह किसी पुरानी रंजिश का मामला नहीं, बल्कि सड़क पर हुई 'सडन' (अचानक) कहासुनी का नतीजा लग रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं.










