UP: बारात निकल चुकी थी, इंस्टा वाली मोहब्बत से मिलने बेताब था दूल्हा, तभी कुछ ऐसा हुआ की बीच रास्ते से लौटना पड़ा
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती से तय हुई शादी उस वक्त रहस्य बन गई जब बारात निकलने के बाद दुल्हन का फोन अचानक बंद हो गया और लोकेशन न मिलने पर बारात को लौटना पड़ा.

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ एक प्यार उस समय सनसनी बन गया, जब शादी के दिन दुल्हन अचानक गायब हो गई. ये एक ऐसी प्रेम कहानी का मामला है जिसमें इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत का अंत बारात के बीचोंबीच आकर रहस्य में बदल गया. इस प्रेम कहानी में युवक और युवती एक दूसरे से इंस्टाग्राम पर मिले थे, कुछ ही दिनों में दोनों की दोस्ती मोहब्बत में बदल जाती है.
दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ता है कि दोनों जल्दबाजी में 2 दिसंबर की शादी भी तय कर लेते हैं. घरवालों ने तैयारी भी कर ली, रिश्तेदार घर पहुंच गए और दूल्हे की हल्दी-तेल की रस्म भी शुरू हो गई. इस मामले में दुल्हन ने दुल्हे को बस इतना बताया था कि बारात लेकर बरेली आना है लेकिन न मोहल्ला बताया और न ही घर का पता.
शादी के दिन दुल्हा पूरी शान से सज-धजकर घोड़ी पर बैठा और बारात लेकर देवबंद रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया. कुछ बाराती ट्रेन से जाने वाले थे कुछ गाड़ी से. जब डेस्टिनेशन पर पहुंचने के लिए दूल्हे ने दुल्हन को लोकेशन के लिए फोन मिलाया तो सामने वाला कॉल कट गया. दुल्हे ने दोबारा फोन मिलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं. थोड़ी ही देर में युवती का फोन पूरी तरह से स्विच ऑफ हो गया.
यह भी पढ़ें...
दो घंटे तक करता रहा इंतजार
बाराती लगभग दो घंटे तक इंतजार करते रहें. इस बीच तरह-तरह की बातें शुरू हुई. दूल्हे ने आखिरी बार कोशिश की लेकिन न कॉल उठाया गया और न ही मैसेज का जवाब आया. इस बीच बारातियों के बीच पूरा माहौल गमगीन हो चुका था. आखिरकार दूल्हा मजबूरी में बारात समेत वापस लौट गया, रास्ते भर लोग इस इंस्टाग्राम वाली शादी को लेकर हैरानी जताते रहें.
सूत्रों की मानें तो युवती ने युवक को दहेज में कार देने का भरोसा भी दिया था. इसी उम्मीद में दूल्हा कुछ दिन पहले अपने दोस्तों के साथ शो रूम जाकर ब्रेजा कार तक पसंद कर आया था. अब पूरे गांव में यही चर्चा है कि आखिर दुल्हन आखिरी वक्त पर क्यों गायब हो गई.
थाने में दर्ज कराई शिकायत
दूल्हे के परिवार ने भी साफ कहा कि उनकी फोटो या नाम कहीं न छापा जाए क्योंकि पहले ही बहुत शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है. परिवार ने थाने में शिकायत भी दर्ज नहीं कराई है और मामले को शांत ही रहने दिया है.
इस घटना की पुष्टि करत हुए ग्राम प्रधान रवि प्रताप सिंह राणा ने बताया कि 2 दिसंबर को बड़गांव से बरेली के लिए बारात निकलनी थी लेकिन दुल्हन से संपर्क टूट जाने के कारण बारात को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा. फिलहाल पूरे क्षेत्र में यह अनोखी बारात चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: Charchit Chehra: कौन हैं कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय जिनकी शादी की हो रही इतनी चर्चा, सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल










