पढ़ाई के लिए गया था, लेकिन आर्मी में कर लिया गया भर्ती!...उत्तराखंड के राकेश की रूस में माैत
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले का एक युवक पढ़ाई के सुनहरे सपने लेकर रूस गया था. लेकिन आरोप है कि वहां उसे जबरन रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया और अब उसकी मौत हो गई है. अब बेटे की मौत की खबर से परिवार सदमे में है. हालांकि युवक की मौत कैसे हुई इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है.
ADVERTISEMENT

Uttarakhand News: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रहने वाले 30 वर्षीय राकेश कुमार सुनहरे भविष्य के सपने लेकर पढ़ाई के लिए रूस गए थे. लेकिन किसे पता था कि रूस गया राकेश कभी जिंदा वापस नहीं लौटेगा. वे इसी साल अगस्त महीने में पढ़ाई के लिए सेंट पीटर्सबर्ग पहुंचे थे. लेकिन आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उन्हें रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया था. जब इसकी जानकारी परिजनों को लगी तो उन्होंने भारत सरकार से बेटे को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई. हालांकि, कुछ समय बाद बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया. 17 दिसंबर को जब राकेश का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो परिजन फूट-फूटकर रो पड़े. राकेश का अंतिम संस्कार कर दिया है. वहीं, मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि राकेश की मौत किन कारणों से हुई और मौत कब हुई इस बारे में अभी तक पुलिस को कोई भी औपचारिक सूचना नहीं मिली है.