Gold-Silver Price Today: सोना ₹9000 और चांदी ₹27000 सस्ती, बजट के दिन कमोडिटी मार्केट में हाहाकार
Gold-Silver Price Crash: बजट 2026 के दिन सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है. MCX पर चांदी के दाम 27,000 रुपये प्रति किलो और सोने के दाम 9,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर गए.

Gold Silver Rate Crash: आम बजट के दिन आज कमोडिटी बाजार में बड़ी गिरावट देखी जा रही है. सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बाजार में हलचल मच गई है. चांदी जहां एक झटके में 27,000 रुपये सस्ती हो गई, वहीं सोने के भाव भी 9,000 रुपये तक गिर गए हैं.
फरवरी 2026 का बजट इस बार रविवार को पेश हो रहा है. छुट्टी का दिन होने के बावजूद कमोडिटी मार्केट (MCX) खुला है, लेकिन बाजार की शुरुआत निवेशकों के लिए अच्छी नहीं रही. पिछले हफ्ते शुरू हुआ कीमतों में गिरावट का सिलसिला आज भी जारी रहा.
4 लाख से 2.65 लाख पर आई चांदी
चांदी की बात करें तो कुछ ही दिन पहले इसने 4 लाख रुपये प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर पार किया था. लेकिन बजट वाले दिन सुबह बाजार खुलते ही चांदी की कीमत में करीब 9% की बड़ी गिरावट देखी गई. चांदी अब घटकर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है.
यह भी पढ़ें...
गोल्ड के दाम ₹9000 गिरे
सोने की चमक भी आज फीकी नजर आई. MCX पर सोना 6% से ज्यादा फिसल गया. 10 ग्राम सोने की कीमत में करीब 9,000 रुपये की कमी आई है, जिससे अब यह 1,43,205 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है.
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले हफ्ते की बिकवाली के बाद निवेशकों का भरोसा डगमगाया हुआ था. इसी 'सेंटीमेंट' का असर आज बजट के दिन बाजार खुलते ही भारी बिकवाली के रूप में दिखाई दिया.










